भारतीय रेलवे ने होली पर उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर जाने वाली भीड़ को देखते हुए क्लोन ट्रेन चलाने का फैसला किया है, जो आज शाम नई दिल्ली स्टेशन से छूटेगी और कल सुबह राजेन्द्र नगर, पटना पहुंचेगी. यह ट्रेन रास्ते में कई स्टेशनों पर रुकते हुए जाएगी, जिससे बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश के कई शहरों के लोग भी इससे आज शाम को बैठकर घर पहुंच सकते हैं और रंगों के त्यौहार परिजनों के साथ मना सकते हैं.
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने 04036 संपूर्ण क्रांति की क्लोन ट्रेन चलाने का फैसला किया है, जो आज शाम पांच बजे नई दिल्ली से रवाना होगी और सोमवार सुबह सवा सात बजे राजेन्द्र नगर, पटना पहुंचेगी.
यह ट्रेन पूरी तरह से अनरिजर्व होगी, यानी इसमें साधारण टिकट लेकर बगैर रिजर्वेशन के किसी भी कोच में सवार हो सकते हैं. यह ट्रेन नई दिल्ली से चलकर गाजियाबाद, कानपुर, मिर्जापुर, पं. दीनदयाल उपाध्याय, आरा, पटना रुकते हुए राजेन्द्र नगर जाएगी. इस तरह इन स्टेशनों के आसपास के लोग भी इसमें सफर कर सकते हैं.
जम्मू तवी की ओर जोन वाले ट्रेन रिशेड्यूल
लिंक रैक के देरी से आने के कारण अजमेर- जम्मू तवी रेलसेवा रिशेड्यूल रहेगी. उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार ट्रेन संख्या 12413, अजमेर- जम्मू तवी रेलसेवा दिनांक आज अजमेर से अपने निर्धारित समय 14.15 बजे के स्थान पर 22.15 बजे प्रस्थान करेगी.


