दुनिया का सबसे अमीर बिजनेसमैन, एक्टर और सीईओ के बारे में हर कोई जानता है लेकिन, क्या आप दुनिया के सबसे दौलतमंद नेता का नाम जानते हैं, शायद नहीं… दरअसल बिजनेस, सीईओ और एक्टर्स की कमाई जगजाहिर होती है लेकिन नेताओं के मामले में ऐसा नहीं होता है. राजनेताओं के बारे में अक्सर ऐसा कहा जाता है कि वे अपनी संपत्ति के बारे में खुलकर नहीं बताते हैं. हम आपको एक ऐसे लीडर के बारे में बताने जा रहे हैं जिसे दुनिया का सबसे अमीर राजनेता कहा जाता है. यह पॉलिटिकल लीडर, भारत के कुछ उद्योगपतियों से भी ज्यादा अमीर बताया जाता है.
डीएनए की रिपोर्ट के अनुसार, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, दुनिया के सबसे अमीर राजनेता का रसूख रखते हैं. पुतिन 5वीं बार रूस के राष्ट्रपति बने हैं. मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की कुल संपत्ति 200 अरब डॉलर यानी करीब 16,71,877 करोड़ रुपये है.
कितनी है पुतिन की प्रॉपर्टी
सबसे दिलचस्प है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ऑफिशियली $140,000 (1 करोड़ रुपये से अधिक) की वार्षिक सैलरी का दावा करते हैं, लेकिन उनकी लग्जरी लाइफस्टाइल को देखकर ऐसा लगता नहीं है. अपनी प्रॉपर्टी को लेकर पुतिन ने सिर्फ 800 वर्ग फुट के अपार्टमेंट, एक ट्रेलर और तीन कारों के मालिकाना हक को स्वीकार किया है. लेकिन कई रिपोर्ट्स से पता चला है कि उनकी व्यक्तिगत संपत्ति घोषित की गई प्रॉपर्टी की तुलना में बहुत ज्यादा है.
बंगला, घर और सैंकड़ों कार
पुतिन के पास बेशुमार दौलत का जीता जागता सबूत ‘ब्लैक सी बंगला’ है जिसे उनका ‘कंट्री कॉटेज’ भी कहा जाता है. रिपोर्ट में कहा गया है कि ‘कंट्री कॉटेज’ के अलावा, पुतिन के पास 19 अन्य घर, 700 कार, 58 प्लेन व हेलीकॉप्टर और 716 मिलियन डॉलर का विमान – ‘द फ्लाइंग क्रेमलिन’ भी है.


