कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों को प्रोड्यूस करने वाले धीरजलाल शाह का सोमवार सुबह निधन हो गया. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, धीरजलाल के भाई हसमुख ने उनके निधन की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि धीरजलाल का मुंबई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था. हसमुख ने बताया कि उन्हें कोविड था, जिसकी वजह से उनके फेफड़ों में समस्या होने लगी थी. पिछले 20 दिनों से उनकी हेल्थ खराब होती जा रही थी. वह तबसे आईसीयू में ही भर्ती थे.
हसमुख ने आगे बताया कि धीरजलाल शाह की लीवर और दिल पर भी इसका असर हुआ. इसकी वजह से उनका मल्टी ऑर्गेन फेलियर हुआ. उनके निधन से परिवार और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है. धीरजलाल शाह के निधन पर गदर 2 के डायरेक्टर अनिल शर्मा ने भी दुख जताया है. प्रोड्यूसर हरीश सुगंध ने भी उनके निधन पर दुख जताया.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अनिल शर्मा ने कहा, “वह न केवल एक अच्छे प्रोड्यूसर थे बल्कि एक बहुत ही प्यारे इंसान थे. उन्होंने वीडियो की एक ऐसी दुनिया बनाई थी जो एक तरह से क्रांतिकारी थी. हम उन्हें याद करेंगे.” प्रोड्यूसर हरीश सुगंध ने कहा कि धीरजलाल ने ‘शहंशाह’ के वीडियो राइट्स खरीदे जिसके बाद उनका जीवन बदल गया और वह वीडियो किंग बन गए.

धीरजलाल शाह के निधन पर फिल्म टीवी प्रोड्यूसर्स काउंसिल ने दुख जताया.
‘शहंशाह’ के वीडियो राइट खरीदकर चमकी थी धीरजलाल शाह की किस्मत
हरीश सुगंध ने बताया कि धीरजलाल शाह के पास उस दौर में बनी फिल्मों के सभी फिल्मों के अधिकार थे.” एक्स पर फिल्म टीवी प्रोड्यूसर्स काउंसिल ने धीरजलाल की एक तस्वीर शेयर की और इसके कैप्शन में लिखा, “बेहद दुखद खबर अपना सिनेमा और टाइम वीडियो के मालिक धीरजलाल नानजी शाह जी का निधन हो गया है. परिवार और प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना. ओम शांति.”


