HAU के छात्र अक्षय महत्ता को NSS के तहत मिला राष्ट्रीय पुरस्कार, महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित

0

Akshay 1 1

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार को लगातार एक के बाद एक उपलब्धियां हासिल हो रही है। विश्वविद्यालय को जहां शिक्षा, शोध, विस्तार के क्षेत्र में अपने अमूल्य योगदान के लिए जाना जाता है वहीं समाज सेवा के क्षेत्र में भी इसका नाम पीछे नहीं है। समाज सेवा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने पर विश्वविद्यालय के बीएससी (आनर्स) एग्रीकल्चर के दौरान किए गए उत्कृष्ठ कार्यों के लिए कृषि महाविद्यालय के छात्र अक्षय महत्ता को वर्ष 2020-21 के लिए युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार प्रदान किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के अवसर पर माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी के द्वारा दरबार हॉल राष्ट्रपति भवन में यह पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रशस्ति पत्र के अलावा उन्हें मेडल व 1 लाख रूपए का नकद पुरस्कार भी दिया गया।
कड़ी मेहनत व लगन का फल है यह पुरस्कार रू प्रोफेसर बलदेव राज काम्बोज
विश्वद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज ने राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अक्षय को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मन में दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत के कारण ही इंसान को लक्ष्य की प्राप्ति होती है, अक्षय की कड़ी मेहनत व लगन का ही फल है यह पुरस्कार। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय और विश्वविद्यालय परिवार के लिए यह बहुत गौरव की बात है। इस अवसर पर कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एस.के. पाहुजा, छात्र कल्याण निदेशक डॉ. अतुल ढींगड़ा, एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. चन्द्रशेखर डागर, मीडिया एडवाइजर डॉ. संदीप आर्य सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर अक्षय को बधाई दी।
अक्षय महत्ता ने सामाजिक कार्यों में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
अक्षय महत्ता चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के एक मेहनती और प्रतिबद्ध एनएसएस स्वयंसेवक हैं। सामाजिक क्षेत्र में एनएसएस के माध्यम से अक्षय ने अनेक बार रक्तदान शिविर, सामाजिक जागरूकता रैलियां, पर्यावरण जागरूकता रैलियां, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य और प्लास्टिक मुक्त भारत, पौधारोपण जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को आयोजित करवाया और इनमें बढ़ चढकर भाग लिया। उन्होंने कृषि विश्वविद्यालय के छात्र के रूप में किसानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न स्कीम जैसे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मेरा पानी मेरी विरासत आदि योजनाओं के बारे में किसानों को अवगत कराया। अक्षय ने इस पुरस्कार का श्रेय माननीय कुलपति, सभी गुरूजनों व अपने माता पिता को दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here