अंग्रेजी की एक पुरानी कहावत है- बीयर बीफॉर लिक्वर, नेवर बीन सिकर. इसका मतलब है कि शराब से पहले बीयर पीने से इतना बीमार हो सकते हैं, जितना आप अब तक नहीं हुए होंगे. दुनियाभर में बड़ी तादाद में लोग इस कहावत को सच मानते हैं और शराब पीने से पहले बीयर नहीं पीते हैं. अक्सर लोग बीयर और शराब को मिलाकर पीने से बचने की सलाह देते हैं. माना जाता है कि शराब और बीयर पीने का एक सही ऑर्डर होना चाहिए, वरना इससे गंभीर नुकसान हो सकता है. क्या वाकई शराब से पहले बीयर पीने से लोग बीमार हो सकते हैं? चलिए इस बारे में हकीकत जान लेते हैं.
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक बीयर और शराब को लेकर साल 2019 में एक रिसर्च सामने आई थी. यह रिसर्च जर्मनी के हीलियोस यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल वुपर्टल के शोधकर्ता डॉ. काई ओ हेनसेल ने की थी. इस रिसर्च में 19 से 40 साल के 90 स्टूडेंट्स को शामिल किया गया था. इन 90 स्टूडेंट्स को रिसर्चर्स ने 30-30 स्टूडेंट्स के 3 ग्रुप में डिवाइड कर दिया. पहले ग्रुप में शामिल स्टूडेंट्स को पहले बीयर और फिर वाइन पिलाई गई. दूसरे ग्रुप को पहले वाइन और फिर बीयर पिलाई गई. तीसरे ग्रुप के लोगों को बीयर या वाइन में से कोई एक चीज पीने के लिए कहा गया. इसके साथ सभी को अच्छा खाना और पर्याप्त पानी दिया गया. खाना-पीना सभी ग्रुप को एक ही तरह का दिया गया.
इसके बाद अगली सुबह शोधकर्ताओं ने सभी के लक्षणों का डाटा लिया. ऐसा करीब एक सप्ताह चला. इसके बाद पहले ग्रुप के लोगों को पहले वाइन और फिर बीयर पीने को कहा गया. दूसरे ग्रुप के लोगों को पहले बीयर और फिर वाइन पीने के लिए कहा गया. तीसरे ग्रुप के जिन लोगों ने बीयर पी, उन्हें वाइन और वाइन पीने वालों को बीयर पीने के लिए कहा गया. करीब एक सप्ताह तक दोनों डाटा का गहनतापूर्वक विश्लेषण किया गया. इसके बाद शोधकर्ताओं ने रिजल्ट तैयार किया. रिसर्चर्स का कहना है कि बीयर या शराब पहले या बाद में पीने से हैंगओवर पर कोई असर नहीं होता है. यह महज अफवाह है. शराब पीने से पहले बीयर पीने से सेहत को कोई खास नुकसान नहीं होता है.


