आज से बंद होगी पेटीएम की यह सर्विस, RBI ने किया खुलासा

0

पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (PPBL) पर प्रतिबंध लगाने की भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की डेडलाइन शुक्रवार (15 मार्च) को समाप्त हो रही है. दरअसल, आरबीआई के निर्देश के मुताबिक, पेटीएम पेमेंट्स बैंक को 15 मार्च से डिपॉजिट्स, क्रेडिट लेनदेन और FASTag रिचार्ज जैसी सर्विस से रोक दिया गया है. केंद्रीय बैंक के इस फैसले का असर करोड़ों पेटीएम यूजर्ज पर पड़ेगा. यह बदलाव शनिवार (16 मार्च) से लागू हो जाएंगे.

नहीं बंद होंगे पेटीएम से UPI पेमेंट
नेशनल पेमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने 14 मार्च को पेटीएम को यूपीआई में थर्ड पार्टी एप्लिकेशन प्रोवाइडर (TPAP) के रूप में भाग लेने की अनुमति दे दी है. एचडीएफसी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया बैंक और यस बैंक One97 कम्युनिकेशन लिमिटेड (OCL) के लिए पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर (PSP) बैंक के रूप में काम करेंगे. पेटीएम का थर्ड पार्टी ऐप प्रोवाइडर लाइसेंस मंजूरी का मतलब है कि ग्राहक पेटीएम ऐप से यूपीआई पेमेंट्स करना जारी रख सकेंगे. बता दें कि थर्ड पार्टी ऐप प्रोवाइडर ऐसे प्लेटफॉर्म होते हैं जो एनपीसीआई की यूपीआई पेमेंट सर्विस देते हैं. फोनपे (PhonePe) से लेकर गूगलपे (Google Pay) तक सभी थर्ड पार्टी ऐप प्रोवाइडर हैं.

15 मार्च के बाद भी काम करेंगे पेटीएम के QR, साउंडबॉक्स और EDC
बीते महीने पेटीएम ने कहा था कि उसने मर्चेंट पेमेंट के सेटलमेंट के लिए एक्सिस बैंक (Axis Bank) के साथ पार्टनरशिप की है. कंपनी ने कहा था कि पेटीएम की पेरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस ने अपने नोडल अकाउंट को एक एस्क्रॉ अकाउंट (Escrow Account) के माध्यम से एक्सिस बैंक में स्थानांतरित कर दिया है, जिसे उसने उसके साथ खोला है. वन97 कम्युनिकेशंस ने फाइलिंग के जरिए जानकारी दी थी कि पेटीएम QR, साउंडबॉक्स और ईडीसी (कार्ड मशीन) 15 मार्च के बाद भी काम करते रहेंगे.

यूजर्स 15 मार्च से अपने पेटीएम पेमेंट्स बैंक अकाउंट्स में पैसे जमा नहीं कर पाएंगे. इसका मतलब है कि आपके अकाउंट का यूज करके सैलरी क्रेडिट, डीबीटी या सब्सिडी भी रोक दी जाएगी.

Paytm वॉलेट का क्या होगा?
आप 15 मार्च के बाद पीपीबीएल पावर्ड वॉलेट के लिए टॉप-अप/मनी लोड का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे, लेकिन आप ट्रांजैक्शन और पेमेंट के लिए वॉलेट से मौजूदा पैसे का इस्तेमाल कर सकते हैं.

Paytm बैंक की ओर से जारी FASTag का रिचार्ज नहीं कर पाएंगे
आप 15 मार्च के बाद आप पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड द्वारा जारी फास्टैग को रिचार्ज नहीं कर सकते हैं. हालांकि फास्टैग में उपलब्ध शेष राशि का इस्तेमाल कर सकते हैं.

Paytm बैंक की ओर से जारी NCMC कार्ड का रिचार्ज नहीं कर पाएंगे
आप 15 मार्च के बाद पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड द्वारा जारी किए गए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) में फंड को रिचार्ज या टॉप-अप नहीं कर पाएंगे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here