पटना आईआईटी भी आर्ट्स विषयों में पीजी कोर्स शुरू करने के लिए तैयार है. ह्यूमैनिटी एंड सोशल साइंस में रिसर्च के साथ सोशल वर्क, पॉलिसी मेकिंग पर भी यहां पढ़ाई की जा सकेगी. पीजी की पढ़ाई शुरू करने के लिए आईआईटी के सीनेट में प्रस्ताव लाया जाएगा. रजिस्ट्रेशन के लिए नियम तैयार किए जा रहे हैं.
देशभर के आईआईटी संस्थानों में जल्द ही आर्ट्स विषयों में पीजी की पढ़ाई भी शुरू होने वाली है. इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गयी है. अब तक यहां केवल मानविकी और सामाजिक विज्ञान में पीएचडी होती थी. पर अब देश भर के विभिन्न आईआईटी में आर्ट्स में दो साल के पीजी की पढ़ाई शुरू हो जाएगी. आईआईटी पटना अभी बीटेक के अलावा मैनेजमेंट कोर्स चला रहा है. पीजी की पढ़ाई शुरू करने के लिए आईआईटी के सीनेट में प्रस्ताव लाया जाएगा. आईआईटी दिल्ली शैक्षणिक सत्र 2024-25 से समाजशास्त्र, साहित्य और दर्शन में पीजी कोर्स शुरू कर रहा है.
इन विषयों में करें पीजी
आईआईटी दिल्ली में संस्कृति, समाज और विचार में और आईआईटी गांधीनगर में सोसाइटी इन कल्चर विषय में दो साल के नियमित पीजी कोर्स शुरू हो रहे हैं. देश भर के आईआईटी निदेशकों के साथ हुई बैठक में पहले ही कई तरह के कोर्स शुरू करने पर विचार किया जा चुका है. इसमें बीएड भी शामिल था. आईआईटी खास कर अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र पर फोकस रख कर पीजी की पढ़ाई कराएगा.
पीएचडी पर फोकस
आईआईटी में रिसर्च पर भी ध्यान दिया जाएगा. पीएचडी में अभी उन छात्र-छात्राओं का रजिस्ट्रेशन होता है जिनका नेट में बेहतर प्रदर्शन रहता था. ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंस में पीएचडी के बाद अब देशभर के विभिन्न आईआईटी में दो साल के पीजी की पढ़ाई भी शुरू हो जाएगी. अलग-अलग आईआईटी के बाद आईआईटी पटना में भी आर्ट्स की पढ़ाई शुरू हो जाएगी.
आईआईटी पटना में शुरू होंगे ये कोर्स
आईआईटी पटना के एक अधिकारी ने बताया आने वाले सत्र में कई नए कोर्स शुरू किए जाएंगे. इसलिए इस संबंध में विचार भी किया रहा है. ह्यूमैनिटी एंड सोशल साइंस में पीजी की पढ़ाई पर भी कई बार बात हुई है. सभी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है. ह्यूमैनिटी एंड सोशल साइंस में अनुसंधान के अलावा सोशल वर्क, पॉलिसी मेकिंग आदि पर काम करने का मौका मिलेगा. इसमें नामांकन के लिए नियम तैयार किए जा रहे हैं.


