दिल्ली यूनिवर्सिटी में आठ मार्च को कुलपति प्रोफेसर योगेश सिंह की अध्यक्षता में 1269वीं कार्यकारी परिषद (ईसी) की बैठक आयोजित की गई. जिसमें वित्तीय वर्ष 2024-2025 के लिए यूनिवर्सिटी की 1717.45 करोड़ रुपये की फंडिंग को मंजूरी दी. इसके अलावा परिषद ने पीएचडी के लिए आवेदन करने वाले दिव्यांग उम्मीदवारों को कुल फीस में 75 फीसदी की रियायत देने का भी फैसला लिया.
इसके अलावा परिषद ने कोविड महामारी की वजह से 2021-22 और 2022-23 में अपनी डिग्री पूरी न कर सके स्टूडेंट्स को भी बड़ी राहत देने का फैसला किया. प्रोफेसर योगेश सिंह ने परिषद की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कोविड की वजह से जो छात्र अपनी डिग्री पूरी नहीं कर सके, उन्हें इसे पूरा करने का मौका दिया जाएगा.
154.88 करोड़ रुपये से होगा कैंपस का विकास
परिषद की बैठक में यूनिवर्सिटी की रजिस्ट्रार डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि आगामी वित्त वर्ष के लिए बजट में वेतन खर्च के लिए 553.95 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं. इसके अलावा इमारतों, लैब उपकरणों, पुस्तकों और पत्रिकाओं व परिसर विकास जैसी पूंजीगत संपत्तियों के लिए 154.88 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट की भी जानकारी दी.


