दिल्ली के बाजार देशभर में ट्रेंडी और लेटेस्ट कलेक्शन के लिए मशहूर माने जाते हैं. दिल्ली में जब कोई भी पर्यटक आता है, तो दिल्ली के बाजारों में खरीदारी करने के लिए जरूर जाता है. चांदनी चौक के पास एक ऐसा मार्केट है, जहां पर साड़ियों और लहंगों के लिए काफी मशहूर बाजार लगता है. इस बाजार की सबसे खास बात यह है कि यहां पर ट्रेंडी और लेटेस्ट खूबसूरत साड़ियां और डिजाइनर लहंगे बहुत आसानी से मिल जाएंगे. इस बाजार बाजार में महंगे से महंगा और सस्ते से सस्ता लहंगा मिल जाएगा.
दुकानदार अजय गोयल ने बताया कि यहां पर हर तरह के डिजाइनर लहंगे आसानी से मिल जाएंगे. यदि अपनी पसंद का कोई भी लहंगा बनवाना चाहते हैं, तो आपको यहां उपलब्ध हो जाएगा. दुकानदार ने बताया कि लोग देशभर से लहंगा और साड़ियां खरीदने के लिए आते हैं.
बनारसी पैटर्न वाली साड़ियों की डिमांड
इस बाजार में सबसे ट्रेंडिंग और लेटेस्ट डिजाइन के लहंगे, साड़ियां, क्रॉप टॉप, शरारा और गरारा मिलते हैं. दुकानदार ऋषभ जैन ने बताया कि यहां फैंसी लहंगों में सजीली के लहंगे काफी ज्यादा चल रहे हैं, जिनकी कीमत 3,000 रुपए से लेकर 40,000 रुपए तक होती है. उन्होंने आगे बताया कि आजकल साड़ियों में जरकन की साड़ी और बनारसी पैटर्न वाली साड़ी काफी ज्यादा चल रही है, जिसकी कीमत 250 रुपए से लेकर 30,000 तक जाती है. वहीं शरारा और गरारा की कीमत 1,200 रुपए से लेकर 13,000 तक की है.
कहां है कुचा नटवा मार्केट?
कुचा नटवा मार्केट जाने के लिए दिल्ली मेट्रो की यलो लाइन पकड़कर चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन पर उतरना होगा, गेट नंबर 2 से बाहर निकलते ही 2 मिनट की दूरी पर यह बाजार मिल जाएगा. यह मार्केट रविवार के दिन बंद रहता है, सुबह 11:00 बजे से लेकर शाम के 8:00 बजे तक खुला रहता है.


