फेसबुक और वॉट्सऐप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की पैरेंट कंपनी मेटा (Meta Platforms Inc.) के सीईओ मार्क जुकरबर्ग जमीन के नीचे महल बनवाने जा रहे हैं. उन्होंने जमीन भी खरीद ली है और 2 हजार करोड़ से ज्यादा खर्च करके लग्जरी और अभेद्य बंकर बनवाने जा रहे हैं. यह बंकर इतना मजबूत होगा कि इस पर बम और भूकंप का भी कोई असर नहीं पड़ेगा.
वायर्ड की खबरों के मुताबिक, जुकरबर्ग ने हवाई के कुवाई नामक स्थान पर 1,600 एकड़ जमीन खरीदी है. जुकरबर्ग अपने बंकर को कोलाऊ रांच की तर्ज पर बनवाना चाहते हैं. 5,000 वर्गफीट में बना यह अंडरग्राउंड नेचर रिजर्व खास तकनीक पर आधारित है. इसमें बिजली की सप्लाई की व्यवस्था अंदर से ही दी गई है. यह रिजर्व बम धमाकों और भूकंप जैसी आपदाओं से भी पूरी तरह सुरक्षित रहता है.
कितने की है जमीन और बनवाने का खर्च
जुकरबर्ग ने अपने प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए जमीन का अधिग्रहण भी कर लिया है. उन्होंने 170 मिलियन डॉलर (करीब 1,411 करोड़ रुपये) में 1,600 एकड़ जमीन खरीदी है. इसके नीचे ही लग्जरी बंकर बनाए जाएंगे, जिस पर करीब 830 करोड़ रुपये का खर्चा आने का अनुमान है. इस तरह, प्रोजेक्ट पूरा होने तक करीब 270 मिलियन डॉलर (2,241 करोड़ रुपये) का खर्चा आ जाएगा. अमेरिका के सिलिकन वैली में रहने वाले रईसों में बंकर बनवाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है.
बंकर में बिता सकते हैं महीनों
यह बंकर बम धमाकों, मिसाइल और भूकंप से सुरक्षित होने के साथ ही हरीकेन जैसी आपदाताओं से भी बचाने में सक्षम है. जुकरबर्ग परिवार का कहना है कि जमीन के सिर्फ 1 फीसदी हिस्से पर ही निर्माण कराया जाएगा. शेष हिस्सा खेती और वाइल्डलाइफ कंसर्वेशन के लिए रखा जाएगा. इस कंपाउंड में खुद से बिजली बनाने और पानी की सप्लाई देने की व्यवस्था रहेगी. यहां महीनों तक रहने के लिए हर जरूरी सामान रखा गया है.
जुकरबर्ग के सामने हैं कई चुनौतियां
मार्क जुकरबर्ग अपने लिए बंकर का निर्माण ऐसे समय में करा रहे हैं, जब उनकी कंपनियों के सामने कई तरह की चुनौतियां हैं. मेटा के शेयर 2022 में 68 फीसदी गिर गए थे, लेकिन 2023 में ऑल टाइम हाई पर पहुंच गए. फिलहाल कंपनी को अन्य कंपीटीटर से कड़ी टक्कर मिल रही है. इसमें फैनबेस (Fanbase) और टिकटॉक मुख्य रूप से शामिल हैं.


