Punjab University: चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी और वहां के कॉलेजों में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स के लिए जरूरी खबर है. दरअसल, 22 जनवरी को आयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का समारोह होना है. इसको लेकर चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी और कॉलेजो में छुट्टी का ऐलान किया गया है. इस दौरान सभी दफ्तर और शैक्षाणिक संस्थान भी बंद रहेंगे. सभी सरकारी स्कूलों में भी छुट्टी रहेगी.

बता दें कि 22 जनवरी को पंजाब यूनिवर्सिटी में आयोजित होने वाली परीक्षाएं पहले के तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी. इस संदर्भ में पीयू के डिप्टी रजिस्ट्रार से आदेश जारी कर दिया गया है. आदेश में लिखा है कि यूनिवर्सिटी परिसर में स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी के सभी शिक्षण/गैर-शिक्षण विभाग/कार्यालय व चंडीगढ़ में स्थित सहायता प्राप्त और गैर-सहायता प्राप्त निजी कॉलेज रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेने के लिए 22 जनवरी को बंद रहेंगे. हालांकि, सभी बैठकें और परीक्षाएं पहले घोषित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी.
गौरतलब है कि, श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी पूरे देश में धूमधाम से चल रही है. यही वजह है कि अब चंडीगढ़ में प्रशासन ने 22 जनवरी को छुट्टी का एलान कर दिया है. जिससे सभी लोग धूमधाम से भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का समारोह मना सकें.
स्कूलों में चल रही छुट्टी
वहीं पंजाब सरकार ने राज्य में भीषण ठंड के मद्देनजर सभी स्कूलों में कक्षा पांच तक के छात्रों के लिए शीतकालीन अवकाश 21 जनवरी तक बढ़ा दिया था. शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा था कि कक्षा छह से 12 तक के छात्रों के लिए सुबह 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नियमित कक्षाएं आयोजित की जाएंगी. इससे पहले राज्य सरकार ने सात जनवरी को 10वीं कक्षा तक के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों को 14 जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया था. हालांकि, स्कूल कक्षा 11 और 12 के लिए खुले थे.


