Online Game: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में ऑनलाइन मोबाइल गेम का पासवर्ड साझा करने को लेकर हुए विवाद में एक किशोर की उसके चार दोस्तों ने कथित तौर पर हत्या कर दी. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी.
पुलिस ने बताया कि 10वीं कक्षा के छात्र पपाई की उसके चार ‘करीबी’ दोस्तों ने एक मोबाइल ऑनलाइन गेम के लिए पासवर्ड साझा करने पर असहमति के बाद कथित तौर पर हत्या कर दी. आरोपी युवकों को पकड़ लिया गया है.
पुलिस ने बताया, “ये पांच युवक फरक्का बैराज के एक क्वार्टर में ऑनलाइन गेम खेलते थे. पपाई आठ जनवरी की शाम को बाहर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा. नौ जनवरी को परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.”
पुलिस ने बताया कि हत्या करने के बाद चार ‘दोस्तों’ ने अपनी-अपनी बाइक से पेट्रोल निकाल कर मृतक के शव को जलाने का प्रयास किया. पुलिस के मुताबिक, मृतक की मां ने शव के शरीर पर बने टैटू से उसकी पहचान की. पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि मृतक इस ऑनलाइन गेम का इतना आदी था कि उसने इस साल अपनी प्री-बोर्ड परीक्षा भी छोड़ दी थी.


