Bihar News: हाल के दिनों में राजधानी पटना में अपराधी पुलिस को लगातार चुनौती दे रहे हैं. पुलिस अपराधियों पर नकेल कसने के लिए लगातार एक्शन मोड़ में दिख रही है. लेकिन, इन सब के बीच कई दिनों से बगैर बताएं पटना के एक थाना का थानेदार और एक महिला दारोगा अपनी ड्यूटी से गायब हैं. दरअसल राजधानी के महत्वपूर्ण थानों में से एक जक्कनपुर थाने के थानेदार सुदामा प्रसाद बीते 30 नवंबर से ही गायब हैं.
सूत्रों की माने तो नवंबर महीने में एक दिन जक्कनपुर थाना में तैनात थानेदार सुदामा प्रसाद और महिला दारोगा के बीच तीखी नोकझोक हो गई थी. इस मामले की जानकारी पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गया. इसके बाद दोनों पुलिस अधिकारी छुट्टी पर चले गए. लेकिन, जब समय पर दोनों नहीं लौटे तो पुलिस मुख्यालय ने दोनों के खिलाफ जांच का आदेश जारी कर दिया है. पटना की एएसपी सदर सिटी शेहरावत को जांच का जिम्मा सौपा गया है. जांच रिपोर्ट सिटीएसपी पूर्वी संदीप सिंह को सौंप दी गई है. सिटीएसपी ने रिपोर्ट एसएसपी राजीव मिश्रा को भी समर्पित कर दिया है.
थानेदार पर लगे कई गंभीर आरोप
जक्कनपुर थानेदार सुदामा प्रसाद और थाना में पद स्थापित एक महिला दारोगा के बीच विवाद की शिकायत वैशाली के एक व्यक्ति और महिला दारोगा के रिश्तेदार ने बिहार पुलिस मुख्यालय से कर दी थी. पुलिस मुख्यालय के अधिकारी को कई तस्वीरें भी सौपी गई और साथ ही थानेदार पर कार्रवाई की मांग की गई. उन पर कई गंभीर आरोप लगाए गए. झड़प के बाद 30 नवंबर को थानेदार छुट्टी पर चले गए लिखित आवेदन में उन्होंने बताया कि वह 6 दिसंबर 2023 को लौट जाएंगे. लेकिन, आखिरकार वह नहीं लौटे. थाना में उन्होंने बताया कि वह बीमार चल रहे हैं.
पुलिस की कार्यशैली पर उठा सवाल
बीमारी की बात भी आलाधिकारी को थानेदार ने नहीं बताई. विवाद की जांच कर एसपी ने जब महिला थानेदार को तलब किया तो पता चला की वह भी थाने से कई दिनों से गायब है और इसकी आधिकारिक जानकारी उन्होंने किसी को नहीं दी है. पहले पटना के इस जक्कनपुर थाने का अजीबोगरीब मामला पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करता नजर आ रहा है. सिटीएसपी ईस्ट संदीप सिंह की माने तो जांच के बाद फैक्ट आने के बाद संबंधित पुलिस पदाधिकारी पर कार्रवाई की जायेगी.


