दिल्ली पुलिस ने कंझावला मौत मामले में बड़ा खुलासा किया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार जिस वक्त दुर्घटना हुई उस वक्त मृतका अकेली नहीं थी। उसके साथ उसकी एक दोस्त भी थी। दुर्घटना की जांच करते हुए जब पुलिस ने पीड़िता का रूट ट्रेस किया तो यह जानकारी मिली कि उसके साथ एक और लड़की भी थी।

दिल्ली पुलिस का कहना है कि हादसे के दौरान पीड़िता के साथ जो लड़की भी उसे भी चोटें आई लेकिन वह मौके से भाग गई और मृतका का पैर कार में फंस गया। पीड़िता कई किलोमीटर तक कार के साथ घिसटती रही जिसके चलते उसकी मौत हो गई।
गौरतलब है कि बीते रविवार बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी में 20 वर्षीय महिला की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी और उसके शरीर को 12 किलोमीटर तक घसीटा गया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक कार में सवार पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पीड़िता के शव को पोस्टमार्टम के लिए मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेजा गया। जानकारी के मुताबिक पीड़िता का पैर कार के पहिए में फंस गया था और उसे इधर उधर घसीटा गया। जिसके चलते उसकी मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे की चर्चा पूरे देश में हो रही है।


