T20 World Cup : 15 की जगह 14 खिलाड़ियों संग ऑस्ट्रेलिया रवाना हुई टीम इंडिया
मिशन मेलबर्न यानि 16 अक्टूबर से शुरू होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए टीम इंडिया अब ऑस्ट्रेलिया रवाना हो चुकी है. भारतीय चयनकर्ताओं ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय टीम इंडिया का ऐलान किया था. जबकि चार खिलाड़ियों को स्टैंडबाय में रखा था. मगर सिर्फ 14 खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया के पर्थ के लिए गुरुवार की सुबह 4 बजे उड़ान भरी और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जगह भरने के लिए अभी कोई रवाना नहीं हुआ है. वहीं स्टैंडबाय में शामिल रवि बिश्नोई, श्रेयस अय्यर, मोहम्मद शमी, और दीपक चाहर भी नहीं जा सके हैं.
क्यों सिर्फ 14 खिलाड़ी ही हुए रवाना?
गौरतलब है कि जसप्रीत बुमराह की जगह टीम मैनजेमेंट स्टैंडबाय में शामिल मोहम्मद शमी को विकल्प के तौरपर देख रही है. लेकिन कोरोना से उभरने के बाद वह अभी भी बीसीसीआई की मेडिकल टीम के साथ देखरेख में है. ऐसे में उन पर अभी अंतिम फैसला नहीं लिया जा सका है. यही कारण है कि बुमराह की सीट खाली रही. जबकि स्टैंडबाय में शामिल रवि बिश्नोई, श्रेयस अय्यर और दीपक चाहर इन दिनों साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में व्यस्त हैं. जो 11 अक्टूबर को समाप्त होगी और इसके बाद ही बाकी खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया रवाना हो सकेंगे.
पर्थ का क्या है प्लान?
टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने भारत के उड़ान भरने से पहले प्रेस कांफ्रेंस में ऑस्ट्रेलिया के प्लान के बारे में बताया था. द्रविड़ ने कहा कि हमें पर्थ में कुछ समय बिताने का मौका मिलेगा और फिर वहां कुछ मैच होंगे. ऑस्ट्रेलियाई पिच पर गेंद की गति और उछाल के मामले में काफी अनोखा है और हमारे कई खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया में ज्यादा टी20 क्रिकेट नहीं खेला है. ऑस्ट्रेलिया के लिए पहले रवाना होने का मकसद टीम को अभ्यास के लिए समय देना है. ऑस्ट्रेलिया की गति और उछाल का अभ्यस्त होने में कुछ समय लगता है और उम्मीद है कि अभ्यास के बाद हम समझ पाएंगे की उन परिस्थितियों में हमें कैसे खेलना है. इससे रणनीति बनाने में आसानी होगी.”
पाकिस्तान से होगा मुकाबला
टीम इंडिया की बात करें तो आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा की टीम 23 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से टूर्नामेंट का आगाज करेगी. जबकि टीम इंडिया इससे पहले कुछ मैच वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के साथ खेलेगी. इसके बाद आईसीसी के तय शेड्यूल के अनुसार वर्ल्ड कप की शुरुआत से पहले दो और अभ्यास मैच भी खेलेगी.
वॉर्म-अप मैच मैचों का शेड्यूल :-
भारत बनाम वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया इलेवन, 10 अक्टूबर
भारत बनाम वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया इलेवन, 12 अक्टूबर
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, 17 अक्टूबर
भारत बनाम न्यूजीलैंड, 19 अक्टूबर


