आज के जमाने में लोगों की लाइफस्टाइल काफी बदल गई है. अधिकतर लोग घंटों एक जगह कुर्सी पर बैठे रहते हैं और अपना काम करते रहते हैं. ज्यादातर नौकरियां भी ऑफिस में कई घंटों तक एक ही जगह बैठकर काम करने वाली ही हो गई हैं. लंबे समय तक बैठने का यह कल्चर लोगों की पेट की सेहत बर्बाद कर रहा है. ऐसा करने से कम उम्र में ही लोगों को पेट की बीमारियां हो रही हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो फिजिकल एक्टिविटी न करने की वजह से सेहत बुरी तरह प्रभावित होती है. इससे पेट ही नहीं, बल्कि पूरे शरीर को गंभीर नुकसान होता है. इससे बचने के लिए लोगों को कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए. आज गैस्ट्रो एक्सपर्ट से जानेंगे कि एक ही जगह घंटों बैठे रहने से पेट की किन बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है.
नई दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के लिवर एंड गैस्ट्रोएंटरोलॉजी डिपार्टमेंट के चेयरमैन डॉ. अनिल अरोरा के मुताबिक अगर हम चलते-फिरते रहेंगे, तो हमारे शरीर का मूवमेंट ठीक रहेगा. इससे इंटेस्टाइन का मूवमेंट भी बेहतर होगा और खाना आसानी से पच जाएगा. जब लोग घंटों एक ही जगह बैठे रहते हैं, तो उनके द्वारा खाया गया खाना पेट में पड़ा रहता है. इससे अपच, मतली, पेट में भारीपन, पेट फूलना, गैस, एसिडिटी और भूख न लगने की परेशानी हो सकती है. इंटेस्टाइन का मूवमेंट नहीं होगा, तो कॉन्स्टिपेशन होने लगेगा और धीरे-धीरे पेट की सेहत बुरी तरह बर्बाद हो जाएगी. कब्ज लंबे समय तक रहे, तो इससे बवासीर, फिशर, फिस्ट्रूला समेत कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं. अगर पेट ठीक नहीं रहेगा, तो पूरी सेहत बिगड़ जाएगी.


