PM Modi Pariksha Pe Charcha 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले कई सालों से एक खास कार्यक्रम आयोजित करवा रहे हैं. इसे ‘परीक्षा पे चर्चा’ नाम दिया गया है. इसमें बोर्ड परीक्षार्थियों, उनके शिक्षकों और अभिभावकों से बात की जाती है. साल 2024 में पीपीसी 2024 यानी परीक्षा पे चर्चा 2024 का सातवां संस्करण आयोजित किया जा रहा है (PPC 2024).
केंद्र सरकार का शिक्षा मंत्रालय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ का आयोजन 29 जनवरी, 2024 को नई दिल्ली में करेगा (Pariksha Pe Charcha 2024 Date). इसके लिए 12 जनवरी, 2024 तक ऑफिशियल वेबसाइट innovateindia.mygov.in/ppc-2024 पर रजिस्ट्रेशन करना था.
कब और कहां होगी परीक्षा पे चर्चा?
परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का सातवां संस्करण 29 जनवरी, 2024 को सुबह 11 बजे शुरू होगा. यह कार्यक्रम भारत मंडपम, इटपो, प्रगति मैदान में आयोजित किया जाएगा (Pariksha Pe Charcha 2024 Registration). इसके लिए MyGov पोर्टल पर 2 करोड़ 26 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन आ चुके हैं. यह अब तक की सबसे ज्यादा संख्या बताई जा रही है.
केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय के ऑफिशियल नोटिफिकेशन के अनुसार, इस साल कुल 2,26,31,698 स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन किया है. इसमें 205.62 लाख से अधिक छात्र, 14.93 लाख शिक्षक और 5.69 लाख अभिभावक शामिल हैं. पीपीसी 2024 का आयोजन टाउन-हॉल फॉर्मेट में किया जाएगा. इस खास कार्यक्रम में करीब 4000 प्रतिभागियों को पीएम मोदी के साथ बातचीत करने का मौका मिलेगा.
तनाव मुक्त रहेंगे बच्चे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने इस कार्यक्रम में 9वीं से 12वीं तक के स्टूडेंट्स, शिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित करेंगे. वह बच्चों को बोर्ड परीक्षा के दौरान तनाव से मुक्त रहने के खास टिप्स भी देंगे. परीक्षा पे चर्चा 2024 से पहले विभिन्न स्कूलों में कई तरह के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. वहीं, 2000 से ज्यादा स्टूडेंट्स को पीएम मोदी द्वारा लिखित किताब Exam Warriors भी दी जाएगी.


