गूगल इंडिया डिजिटल सर्विसेज और NPCI इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (NIPL) ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं जो भारत के बाहर के देशों में यूपीआई पेमेंट्स का विस्तार करने में मदद करेगा.
मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) के तहत भारतीय यात्री अब अन्य देशों में GPay के नाम से जाने-जाने वाले गूगल पे के जरिए पेमेंट कर सकेंगे. इस सुविधा से नकदी ले जाने या अंतरराष्ट्रीय भुगतान गेटवे का सहारा लेने की जरूरत खत्म हो जाएगी.
गूगल पे ने बयान में कहा, ‘इस एमओयू के तीन प्रमुख उद्देश्य हैं. सबसे पहले, यह भारत के बाहर यात्रियों के लिए यूपीआई भुगतान के उपयोग को व्यापक बनाना चाहता है, जिससे वे विदेश में आसानी से लेनदेन कर सकें. दूसरा, एमओयू का उद्देश्य अन्य देशों में यूपीआई जैसी डिजिटल भुगतान प्रणाली स्थापित करने में सहायता करना है, जो सीमलेस फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन्स के लिए एक मॉडल ऑफर करेगा. अंत में, यह यूपीआई इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल कर देशों के बीच प्रेषण की प्रक्रिया को आसान बनाने पर ध्यान केंद्रित करता है, जिससे सीमापार वित्तीय लेनदेन सरल हो जाता है.’
इस एमओयू से यूपीआई की वैश्विक उपस्थिति मजबूत होगी, विदेशी व्यापारियों को उन भारतीय ग्राहकों तक पहुंच मिलेगी, जिन्हें अब डिजिटल भुगतान करने के लिए केवल विदेशी मुद्रा और/या, क्रेडिट या विदेशी मुद्रा कार्ड पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. साथ ही उनके पास भारत से गूगल पे समेत यूपीआई से संचालित ऐप का उपयोग करने का विकल्प होगा.


