अमेरिका की एक चौथाई से ज्यादा आबादी किसी धर्म को नहीं मानती. पिछले दो दशक में किसी धर्म को न मानने वालों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है. प्यू रिसर्च सेंटर (Pew Research Center) की ताजा रिपोर्ट में यह बात सामने आई है. 24 जनवरी को जारी की गई इस रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका की 28% आबादी किसी धर्म को नहीं मानती. जबकि 1990 में हुए सर्वे में 90% लोग ईसाई धर्म को मानते थे.
Pew की रिपोर्ट में क्या खुलासा?
प्यू रिसर्च सेंटर (Pew Research Center) के ताजा सर्वे में 28 फीसदी लोगों ने खुद को किसी धर्म से जुड़ा नहीं बताया और ”नन” (Nones) की कैटेगरी सिलेक्ट की. इस कैटेगरी में नास्तिक (जो किसी भगवान को नहीं मानते) और अज्ञेयवादी या एग्नोस्टिक्स (ऐसे लोग जिनका किसी एक धर्म या भगवान पर भरोसा नहीं है) शामिल हैं.
आखिर प्यू रिसर्च सेंटर के ‘Religious ‘Nones’ in America: Who They Are and What They Believe’ का क्या है मतलब? क्यों अमेरिकी नागरिकों का धर्म से भरोसा उठ रहा है? समझते हैं इस Explainer में …
भगवान पर कितना भरोसा?
प्यू रिसर्च सेंटर (Pew Research Center) के सर्वे में जिन 28% लोगों ने खुद को किसी धर्म को न मानने वाला बताया, उनमें से 17% ने खुद को नास्तिक बताया. जबकि 20% ने अग्नोस्टिक्स और 63% ने कहा कि उनका किसी एक चीज पर भरोसा नहीं है. एक तरीके से कुल 19 फ़ीसदी लोग ऐसे हैं जो किसी भगवान या किसी असीम ऊर्जा को नहीं मानते. वह इस बात में भरोसा भी नहीं करते कि इंसान की कोई आत्मा जैसी चीज होती है और इस दुनिया से अलग भी स्वर्ग-नर्क जैसी कोई चीज है.


