मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड ने 24 अप्रैल को 10th-12th का रिजल्ट जारी किया. इन परीक्षाओं में प्रदेश के बच्चों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है. बैतूल के श्री विनायकम स्कूल के यश पवार ने 12वीं की परीक्षा की मेरिट लिस्टे में जगह बनाई है. उन्होंने मेरिट में 10वां स्थान हासिल किया है. बता दें, यश के पिता कमलेश पवार बैतूल-नागपुर फोरलेन पर स्थित मिलानपुर टोल प्लाजा पर कर्मचारी हैं. लेकिन, यश की पढ़ाई में उन्होंने कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी. यश के माता-पिता का साथ, टीचरों का सहयोग और यश की कड़ी मेहनत का नतीजा आज सबके सामने है. उन्हें गणित सब्जेक्ट में 482 अंक मिले हैं. यश ने इसके लिए पूरे साल अलग रणनीति पर काम किया.
गौरतलब है कि, जैसे ही रिजल्ट जारी हुआ, वैसे ही यश के घर में खुशियां छा गईं. माता-पिता और परिजनों ने बेटे को मिठाई खिलाई और हार पहनाया. माता-पिता ने कहा कि आज उनके बेटे की मेहनत सफल हो गई. परिजनों के अलावा यश के टीचर ने भी उन्हें बधाई दी. शिक्षकों ने कहा कि यश की पढ़ाई देखकर लगता ही था कि वह मेरिट में आएगा. विनायकम स्कूल के डायरेक्टर संजय राठौर ने कहा कि यश ने इस परीक्षा के लिए बहुत मेहनत की है. हम उसे पढ़ाई करते देखते तो अच्छा लगता था. हम उसके सपने पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे.
देश की सेवा के लिए सेना में जाना चाहते हैं यश
यश ने News18 से खास बातचीत में कहा कि मैं अपने रिजल्ट से खुश हूं. मैं जो भी कर सका वो सब माता-पिता और टीचरों की मदद से ही कर सका. मैंने 12वीं में प्रवेश करते ही पढ़ाई की अलग प्लानिंग की. मैं स्कूल के अलावा घर में भी पढ़ाई करता था. लेकिन, मेरा मानना है कि एक दिन में 10-11 घंटे पढ़ाई करने से बेहतर है रोज 6 से 7 घंटे रिवीजन करना. इस तरह से आप हर विषय की बेहतर तरीके से तैयारी कर सकते हैं. यश ने कहा कि मैं भेड़ चाल में विश्वास नहीं रखता. मेरा सपना है कि मैं भारतीय सेना जॉइन करूं. मैं देश की सेवा करना चाहता हूं.


