डायबिटीज एक ऐसी बीमारी है, जिसे पूरी जिंदगी कंट्रोल करना पड़ता है. यह बीमारी किसी को एक बार हो जाए, तो इसे इलाज के जरिए पूरी तरह रिवर्स करना पॉसिबल नहीं है. भारत में डायबिटीज महामारी की तरह फैल रही है और इस बीमारी के 10 करोड़ से ज्यादा मरीज हैं. डायबिटीज कंट्रोल करने के लिए दवा के साथ सही डाइट लेना बेहद जरूरी है. अच्छी डाइट के जरिए शुगर लेवल कंट्रोल किया जा सकता है. अब सवाल है कि शुगर के मरीजों को कैसी डाइट लेनी चाहिए और किन खाने-पीने की चीजों से दूरी बरतनी चाहिए. चलिए इस बारे में डॉक्टर से जान लेते हैं.
मुंबई की जानी मानी फिजीशियन और न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. विशाखा शिवदासानी ने CNBC-TV18 को बताया कि डायबिटीज के मरीजों को अपनी डाइट से प्रोसेस्ड फूड्स पूरी तरह हटा देने चाहिए. केन, टिन और बोतलों में मिलने वाली चीजों को अवॉइड करना चाहिए. शुगर के मरीजों को लिक्विड शुगर का सेवन भूलकर भी नहीं करना चाहिए. यहां तक कि फ्रूट जूस से भी बचना चाहिए, क्योंकि इनमें फ्रुक्टोज होता है. ग्लूकोज हमारे शरीर की सभी कोशिकाओं में मेटाबॉलाइज होता है, जबकि फ्रुक्टोज सिर्फ लिवर में मेटाबॉलाइज होता है. इससे ब्लड शुगर में अचानक उछाल आ जाता है, जो मरीजों के लिए खतरनाक होता है. कोल्ड ड्रिंक्स, सोडा, एनर्जी ड्रिंक्स, पैकेज्ड जूस का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए.
एक्सपर्ट कहती हैं कि डायबिटीज के मरीज अक्सर लो फैट मिल्क और योगर्ट का सेवन करते हैं, लेकिन इसके बजाय सभी को हाई फैट मिल्क और योगर्ट लेना चाहिए. हेल्दी फैट शुगर को कंट्रोल करने में मदद करते हैं. ऐसे मरीज देसी घी और सरसों का तेल भी इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके अलावा डायबिटीज के मरीजों को प्रोटीन से भरपूर डाइट लेनी चाहिए. देश में बड़ी संख्या में लोग प्रोटीन की कमी से जूझ रहे हैं, जिससे शरीर कमजोर होने लगता है. ऐसे में शुगर के मरीजों को प्रोटीन इनटेक सही रखना चाहिए. इसके अलावा फल और सब्जियां खूब खानी चाहिए. जो फल ज्यादा मीठे हैं, उनकी मात्रा कम लेनी चाहिए. डायबिटीज कंट्रोल रखने के लिए लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फ्रूट्स खाने चाहिए.


