Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में शनिवार को मोबाइल चोरी के आरोप में भीड़ द्वारा 3 लोगों को नंगा कर के पीटे जाने का मामला सामने आया है. दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के मुताबिक, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
वीडियो में भीड़ को 3 लोगों को कथित तौर पर जबरन निर्वस्त्र करते हुए देखा जा सकता है. वीडियो में लोग उन्हें थप्पड़ मारते हुए देखे जा सकते हैं. तीनों की उम्र लगभग 20 साल के आसपास मालूम पड़ती है. वीडियो में कुछ लोगों को घटनास्थल पर तीनों युवकों के कपड़े जलाते हुए भी देखा जा सकता है.
भीड़ ने तीन युवकों को पुलिस के हवाले नहीं किया
पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि भीड़ ने उन तीन युवकों को पुलिस के हवाले नहीं किया. अधिकारी ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि पिटाई के बाद तीनों युवक मौके से भाग गए. उन्होंने बताया कि पुलिस को शनिवार दोपहर घटनास्थल से किसी व्यक्ति ने मामले की सूचना दी थी लेकिन जब पुलिसकर्मियों की एक टीम वहां पहुंची तो मौके पर कोई नहीं मिला.
मुकदमा दर्ज
एक अधिकारी ने बताया कि फोन पर घटना की सूचना देने वाले व्यक्ति की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया, जिसे बाद में ढूंढ लिया गया. उन्होंने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति ने दोपहर 11 बजकर 56 मिनट पर फोन किया था लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही वह वहां से चला गया.
शुरुआत में नहीं मिली थी कोई शिकायत
पुलिस उपायुक्त (बाहरी-उत्तर) रवि कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआत में कोई शिकायत नहीं मिली थी. अधिकारी ने बताया कि जब सूचना देने वाले का पता लगा लिया गया तो उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी बहन को छोड़ने के लिए नरेला रेलवे स्टेशन गया था और लौटते समय उसने भीड़ को मोबाइल फोन चोरी करने के आरोपी तीन युवकों की पिटाई करते हुए देखा. उन्होंने यह भी बताया कि इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि क्या तीनों को मोबाइल फोन चोरी करते हुए पकड़ा गया था.
पुलिस ने बताया कि आईपीसी की धारा-341 (गलत तरीके से रोकने की सजा) और धारा-355 (गंभीर उकसावे के अलावा किसी व्यक्ति का अपमान करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और पीड़ितों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं.


