भारत एक अद्भुद देश है, जहां अनेक धर्म, मान्यताएं, भाषाएं और संस्कृति है. प्राकृतिक रूप से संपन्न हमारे देश में आपको ऐसे कई किस्से और कहानियां सुनने को मिल जाएंगी, जिनपर विश्वास ही नहीं होता. आज हम आपको भारत के एक ऐसे ही मंदिर के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां पिछले 500 सालों में कभी माचिस नहीं जलाई गई. ये बात इसलिए हैरान करती है, क्योंकि इस मंदिर में हर रोज भगवान की पूजा भी होती है, उनके आगे दीपक भी जोड़ा जाता है, धूपबत्ती भी जलाई जाती है. इस मंदिर में समय-समय पर हवन भी होता है और रसोईघर में भगवान के लिए हर दिन भोग भी बनाया जाता है. लेकिन इनमें से किसी भी चीज के लिए आज तक मंदिर में माचिस नहीं जलाई गई है. सुनकर हैरान रह गए न आप भी. आइए आपको बातते हैं, आखिर कौनसा मंदिर है ये और यहां से प्रथा इतने सालों से आखिर क्यों चली आ रही है.
500 सालों से हो रही है श्री राधारमण की सेवा
हम बात कर रहे हैं, मथुरा के पास वृंदावन के श्री राधा रमण मंदिर की, जहां हर दिन हजारों की संख्या में भक्त भगवान श्रीकृष्ण के राधारमण स्वरूप के दर्शन करने आते हैं. ये मंदिर लगभग 500 साल पुराना है और इस मंदिर में पूजा अर्चना करने वाले पुंडरिक गोस्वामी महाराज इस मंदिर के इतिहास पर बात करते हुए एक पोडकास्ट में बताते हैं कि राधारमण लाल जू लगभग 500 साल पहले शालिग्राम शिला से यहां प्रकट हुए थे. तभी से इस मंदिर में राधारमण स्वरूप में कृष्ण जी की पूजा की जाती है.

श्री किशोरी जी के साथ विराजे राधारमण लाल. (Photo- Shri Radha Raman Temple Vrindavan/Facebook page)
क्यों नहीं जलाई गई आजतक माचिस
पुंडरिक गोस्वामी महाराज ने बताया कि चैतन्य महाप्रभु के अनन्य शिष्य और कृष्ण भगवान के अनन्य भक्त गोपाल भट्ट गोस्वामी की भक्ति से लगभग 482 साल पहले जब राधारमण लालजू प्रकट हुए तो उनकी पूजा के लिए अग्नि की जरूरत थी. सुबह-सुबह का समय था, तो गोपाल भट्ट जी ने ऋग्वेद में अग्नि ऋचाएं होती हैं, उन्हीं का पाठ कर हवन की लकड़ियों को घिस कर अग्नि प्रज्जवलित की थी. उसी प्रज्जवलित हुई अग्नि को इस मंदिर में आजतक रखा गया है. इस अग्नि को ईंधन की मदद से जाए रखा जाता है और आजतक इसी अग्नि से मंदिर की रसोई में भोजन बन रहा है.


