http://स्विफ्ट कार सवार दो नशा तस्कर काबू, 10.640 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद
पुलिस अधीक्षक श्री शशांक कुमार सावन के निर्देशानुसार नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हिसार पुलिस की नशा निरोधक इकाई ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जाखोद खेड़ा अंडरपास के पास से स्विफ्ट कार सवार दो व्यक्तियों को काबू कर उनके कब्जे से 10.640 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया है।
टीम प्रभारी उप निरीक्षक इंदर सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर गांव जाखोद खेड़ा अंडरपास के पास नाकाबंदी की गई। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार को रोककर उसमें सवार दो व्यक्तियों को काबू किया गया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान विकास निवासी गांव चौधरीवास तथा मुकेश निवासी गांव कालवास के रूप में बताई।
नियमानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक पॉलीथिन की थैली में 10.640 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। बरामद नशीला पदार्थ तथा स्विफ्ट कार को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर हिसार में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि वे यह हेरोइन/चिट्टा गांव लाडवी निवासी एक व्यक्ति से लेकर आए थे। अभियोग में गहन जांच की जा रही है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चोरी की स्कूटी सहित हिस्ट्री-शीटर अपराधी गिरफ्तार
http://चोरी की स्कूटी सहित हिस्ट्री-शीटर अपराधी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक श्री शशांक कुमार सावन के निर्देशानुसार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पीएलए चौकी पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए एक हिस्ट्री-शीटर अपराधी को चोरी की स्कूटी सहित गिरफ्तार किया है।
चौकी प्रभारी एएसआई अनूप ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान पटेल नगर, हिसार निवासी ट्विंकल को काबू किया गया, जिसके कब्जे से चोरीशुदा स्कूटी बरामद की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ चोरी के कुल 43 अभियोग दर्ज हैं तथा वह थाना सिविल लाइन, हिसार का घोषित हिस्ट्री-शीटर अपराधी है।
गौरतलब है कि यह स्कूटी 08 जनवरी 2026 को जिमखाना क्लब के सामने से चोरी हुई थी, जिसके संबंध में संबंधित थाना में अभियोग दर्ज किया गया था। आरोपी को पूछताछ के उपरांत अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
ई-रिक्शा चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
थाना अर्बन एस्टेट पुलिस ने 10 जनवरी 2026 को कैंप चौक के नजदीक ई-रिक्शा चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों बंसी लाल उर्फ लीलू तथा राजेश, दोनों निवासी गंगवा, को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस संबंध में जमालपुर निवासी बसंत लाल द्वारा अर्बन एस्टेट पुलिस चौकी में शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर थाना अर्बन एस्टेट में सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियोग में आगामी कार्रवाई जारी है।
बैंक की राशि गबन करने वाला कर्मचारी गिरफ्तार, 25 हजार रुपये की धोखाधड़ी
थाना अर्बन एस्टेट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बैंक राशि गबन करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक, मॉडल टाउन हिसार के मैनेजर सुशील कुमार द्वारा शिकायत दी गई थी कि बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर सौरव उर्फ मोनू, निवासी मिर्जापुर, हिसार ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए ग्राहकों से एकत्रित की गई ऋण किस्तों (EMI) व नकद राशि को बैंक में जमा नहीं किया और उक्त राशि को अपने निजी उपयोग में ले लिया। बैंक की आंतरिक जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा विभिन्न महिला ग्राहकों से कुल ₹25,008/- की राशि वसूली गई थी, जिसे बैंक में जमा न कर धोखाधड़ी की गई। शिकायतकर्ता की शिकायत पर थाना अर्बन एस्टेट, हिसार में आरोपी के विरुद्ध 8 दिसंबर 2025 को सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सौरव उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पूछताछ के उपरांत अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।


