http://युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण का आधार: कुलसचिव डॉ. पवन कुमार
हकृवि में राष्ट्रीय युवा दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में छात्र कल्याण निदेशालय द्वारा स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई। विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए विविध प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कुलसचिव डॉ. पवन कुमार ने फ्लेचर भवन से स्वदेशी संकल्प दौड़ को झंडी दिखाकर रवाना किया।
कुलसचिव डॉ. पवन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों को अपने जीवन में उतारकर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान देने के लिए आगे आना चाहिए।
यह दिन केवल एक तिथि नहीं, बल्कि युवा शक्ति को जागृत करने और स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने का दिन है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण का आधार है। युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए उन्होंने कहा कि आपकी ऊर्जा, आपकी सोच और आपका समर्पण ही देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। स्वदेशी को अपनाना और राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखना यही आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी दौड़ केवल एक शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि यह स्वदेशी सोच, आत्मनिर्भर भारत और स्वस्थ जीवन शैली का भी प्रतीक है। उन्होंने भाषण, पोस्टर मेकिंग, शॉर्ट डॉक्युमेंट्री और कविता जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया। मंच पर मौलिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. राजेश गेरा, डॉ. अन्नू और डॉ. अरूण उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे:
भाषण प्रतियोगिता में मनीषा प्रथम, रिया द्वितीय तथा खुशबू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री में जतिन सिंघल ने प्रथम, अकृति ने द्वितीय तथा अन्नू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में मुस्कान द्वितीय वर्ष की छात्रा प्रथम, मुस्कान प्रथम वर्ष की छात्रा द्वितीय तथा पुष्पा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्लोगन प्रतियोगिता में करीना ने प्रथम, ईशा ने द्वितीय तथा शिवम सौरभ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कविता पाठ में रोमिका ने प्रथम, दिव्या ने द्वितीय तथा पायल ने तृतीय स्थान हासिल किया। गायन प्रतियोगिता में प्रियांशु ने प्रथम, आशीष राजपूत ने द्वितीय तथा भारती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना अवार्डी डॉ. भगत सिंह, डॉ. चन्द्रशेखर डागर, डॉ. रामभगत, डॉ. लोचन शर्मा व डॉ. दीपक कौशिक उपस्थित रहे।


