प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए टी एंड पी इंडक्शन सत्र का हुआ आयोजन
गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार के ट्रेनिंग एंड प्लेसमैंट सैल के सौजन्य से पहली बार शिक्षण खंड-7 के सेमिनार हॉल में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए एक घंटे का विभाग-वार इंडक्शन सत्र आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को टी एंड पी सैल के विभिन्न क्लबों द्वारा चलाई जा रही गतिविधियों व कार्यक्रमों, विभिन्न प्रशिक्षण तथा प्लेसमैंट गतिविधियों के बारे मेें अवगत कराना था। दो दिनों तक चले सत्रों में सभी विभागों के लगभग 1300 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के शिक्षक प्लेसमैंट समन्वयक भी उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव राज काम्बोज ने कहा कि नवआगंतुक विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के बारे में पूर्ण जानकारी होना अति आवश्यक है, तभी वे विश्वविद्यालय की सुविधाओं का भरपूर उपयोग कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों व अधिकारियों को नवआगंतुक विद्यार्थियों के साथ संवाद बढ़ाना चाहिए तथा उन्हें विश्वविद्यालय के बारे में सम्पूर्ण जानकारी देनी चाहिए। पहले से शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों का भी यह फर्ज बनता है कि वे नवआगंतुक विद्यार्थियों को सूचनाएं व जानकारियां दें। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे विश्वविद्यालय की सुविधाओं व आधारभूत ढांचे का भरपूर प्रयोग करें व लाभ उठाएं। उन्होंनें इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए ट्रेनिंग एंड प्लेसमैंट सैल को शुभकामनाएं दी।
कुलसचिव प्रो. अवनीश वर्मा ने बताया कि कि पहले वर्ष से ही कैरियर विकास प्रक्रिया की शुरुआत निश्चित रूप से इन विद्यार्थियों को उनके अंतिम वर्ष तक पहुंचने में मदद करेगी।
ओवरऑल प्लेसमैंट समन्वयक ललिता कंवर, दक्ष त्रिखा व सिमरन सैनी तथा संबंधित विभागीय प्लेसमैंट समन्वयक वरिष्ठ विद्यार्थियों ने टी एंड पी सैल द्वारा संचालित विभिन्न क्लबों एवं गतिविधियों के बारे में प्रस्तुति दी। उन्होंने नव आगंतुक विद्यार्थियों को एप्टीट्यूड क्लब, स्पीकाथॉन क्लब, कोडिंग क्लब, इंडस्ट्री इंटरेक्शन क्लब तथा टी एंड पी सेल के अंतर्गत कार्य करने वाले उद्भावना क्लब जैसे रोजगार क्षमता बढ़ाने वाले क्लबों तथा संबंधित कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को एसएसबी क्लब, उद्यमिता क्लब, प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे कैरियर विकल्प से संबंधित क्लबों तथा इंटरनेशनल स्टडीज क्लब व उनकी कार्यशैली के बारे में भी जागरूक किया गया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्लेसमैंट निदेशक प्रताप सिंह ने कहा कि प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को पहले वर्ष से ही अपने रिज्यूमे तथा लिंक्डइन प्रोफाइल पर कार्य करना शुरू कर देना चाहिए। सेल के विभिन्न क्लबों द्वारा उनकी रुचि के अनुसार होने वाले आयोजित विभिन्न कैरियर विकास संबंधी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेना शुरू कर देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में अनुशासन बनाए रखने और रोजगार कौशल में सुधार के लिए कड़ी मेहनत करने की भी अपील की।
सहायक निदेशक डॉ. आदित्यवीर सिंह ने विद्यार्थियों को प्लेसमेंट प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा विद्यार्थियों को अपने बेहतर कैरियर की संभावनाओं के लिए नियमित रूप से सैल तथा इसकी सूचनाओं से अवगत रहने के लिए प्रेरित किया।
संबंधित विभागों के शिक्षक प्रशिक्षण एवं प्लेसमैंट समन्वयकों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया व उन्हें विश्वविद्यालय में रहकर विश्वविद्यालय का नाम ऊंचा रखने के लिए प्रेरित किया तथा साथ ही उनके बेहतर कैरियर के लिए किसी भी प्रकार का सहयोग सुनिश्चित किया।



